जमशेदपुर : हिमालयन लेपर्ड के संरक्षण और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रॉयल एनफील्ड की ओर से ‘वन राइड’ पहल के तहत बाइकर्स रैली का आयोजन किया गया। जमशेदपुर से गालूडीह स्थित एक रिसॉर्ट तक निकाली गई इस रैली में जमशेदपुर के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे करीब 400 बाइकर्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. रैली के दौरान बाइकर्स ने सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार राइडिंग और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। इसके साथ ही हिमालयन लेपर्ड समेत वन्यजीवों के संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। निर्धारित मार्ग पर बाइकर्स ने अनुशासित तरीके से राइड करते हुए लोगों को सुरक्षित यातायात और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बाइकिंग के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश…….
आयोजन में शामिल राइडर्स ने कहा कि बाइकिंग सिर्फ रोमांच और यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर भी जागरूकता पैदा की जा सकती है। ‘वन राइड’ के जरिए बाइकिंग कम्युनिटी को एक मंच पर लाने के साथ सड़क सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण जैसे विषयों को जनसरोकार से जोड़ने का प्रयास किया गया. जमशेदपुर से शुरू हुई रैली में विभिन्न शहरों से पहुंचे राइडर्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। राइड के दौरान बाइकिंग समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव और सहयोग को बढ़ावा देने के साथ जिम्मेदार एवं सुरक्षित राइडिंग पर विशेष जोर दिया गया।
संरक्षण और सुरक्षित यातायात पर जोर…….
आयोजकों के अनुसार, वन्यजीव संरक्षण और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को बाइकिंग समुदाय से जोड़कर व्यापक स्तर पर सकारात्मक संदेश पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। रैली में शामिल बाइकर्स ने भी सुरक्षित यातायात के नियमों का पालन करने और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संदेश को आगे ले जाने की प्रतिबद्धता जताई. ‘वन राइड’ के माध्यम से बाइकिंग के रोमांच को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए प्रतिभागियों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जिम्मेदार राइडिंग के साथ प्रकृति और वन्यजीवों की सुरक्षा भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
