जमशेदपुर। नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सत्र 2026 में अब तक 500 से अधिक छात्रों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार प्राप्त हुआ है। हाल ही में विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 70 से अधिक छात्रों का चयन विभिन्न राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में हुआ है, जबकि कई छात्रों की चयन प्रक्रिया अभी जारी है।



विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल के निदेशक मोहित कुमार ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, डेटा मैनेजमेंट और बिजनेस डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों की कई नामी कंपनियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार, समूह चर्चा और एचआर इंटरव्यू शामिल थे।
उन्होंने बताया कि डालमिया सीमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने एमबीए विभाग के दो छात्रों का चयन मार्केटिंग मैनेजर पद के लिए किया है, जिनका वार्षिक पैकेज छह लाख रुपये है। वहीं फोर्स मोटर्स लिमिटेड, पुणे ने डिप्लोमा इंजीनियरिंग ट्रेनी पद के लिए 18 छात्रों का चयन किया है, जिनका वार्षिक पैकेज चार लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार एलीएशंस प्राइवेट लिमिटेड, पुणे ने सीएई प्रोजेक्ट इंजीनियर पद के लिए छात्रों का चयन किया है, जिनका वार्षिक पैकेज 5.5 लाख रुपये है। ईवाई प्राइवेट लिमिटेड ने फाइनेंशियल ट्रेनी इंजीनियर पद पर 10 छात्रों को नियुक्त किया है, जिनका वार्षिक पैकेज चार लाख रुपये है।
इसके अलावा डेलॉयट ने एसोसिएट एनालिस्ट पद के लिए दो छात्रों का चयन किया है, जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने सॉफ्टवेयर डेवलपर पद के लिए 10 छात्रों को नियुक्त किया है। वहीं एयरटेल ने टेलीकॉम इंजीनियर पद के लिए छात्रों का चयन किया है।
मोहित कुमार ने कहा कि वर्तमान प्लेसमेंट सत्र विश्वविद्यालय के लिए काफी सफल रहा है और आने वाले दिनों में रोजगार पाने वाले छात्रों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। छात्रों की सफलता संस्थान के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में डिग्री के साथ कौशल विकास भी जरूरी है। विश्वविद्यालय द्वारा नियमित रूप से इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और प्लेसमेंट गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे छात्रों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
रजिस्ट्रार नागेंद्र सिंह ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन रोजगारोन्मुख शिक्षा और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। आने वाले समय में और अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा उम्मीद जताई है कि आने वाले वर्षों में संस्थान का प्लेसमेंट रिकॉर्ड और अधिक मजबूत होगा।



