जमशेदपुर : सिद्धगोड़ा थाना क्षेत्र के भुईयाडीह निवासी मजदूर किशोर जी के नवजात पोते का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में चल रहा है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार अस्पताल का इलाज खर्च वहन करने में असमर्थ था। ऐसे में परिवार के सामने नवजात के इलाज को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया. परिवार की आर्थिक परेशानी की जानकारी जैसे ही समाजसेवी बाबू वीरेंद्र सिंह को मिली, उन्होंने तत्काल बच्चे के परिजन से संपर्क किया और इलाज के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर आगे भी हरसंभव मदद की जाएगी।

मदद मिलने के बाद नवजात के परिजन भावुक हो उठे और समाजसेवी बाबू वीरेंद्र सिंह के प्रति आभार जताया। इस मौके पर बाबू वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की मदद करने से उन्हें आत्मिक सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि भगवान से उनकी यही प्रार्थना है कि उन्हें इतनी शक्ति और सामर्थ्य मिले कि वे आगे भी अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर सकें. आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार के लिए समय पर मिली यह मदद न केवल इलाज की उम्मीद बनी, बल्कि इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी की एक मिसाल भी पेश कर गई।
