जमशेदपुर। समाज कल्याण एवं बाल विकास के क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक संस्था प्रयत्न संस्था ने अपने साप्ताहिक सेवा अभियान के तहत रविवार को परसुडीह स्थित मुंशी मोहल्ला में जरूरतमंद बच्चों के बीच भोजन का वितरण किया। इस दौरान सैकड़ों बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। संस्था ने बताया कि अभियान का उद्देश्य वंचित बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।

संस्था के सदस्य समर झा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और कोई भी बच्चा भूखा न सोए, यही प्रयत्न संस्था का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उन्हें स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से संस्था निरंतर ऐसे सेवा कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में रौशन कुमार, अंकित सिंह, आकाश कुमार, शिबू बारीक, रीतिका श्रीवास्तव सहित संस्था के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

