जमशेदपुर : चिन्मया विद्यालय जा रहे बच्चों से भरी एक विंगर शुक्रवार को अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में करीब 14 बच्चे चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों और आजसू नेता अप्पू तिवारी के सहयोग से घायल बच्चों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल भी अस्पताल पहुंचे तथा बच्चों के इलाज की व्यवस्था में सहयोग किया. घटना के बाद अप्पू तिवारी ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से सभी स्कूल वाहनों की विशेष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि परमिट, फिटनेस और इंश्योरेंस समेत सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच हो तथा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। लंबे समय से अभिभावकों द्वारा स्कूली बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही है, जिस पर प्रशासन को गंभीरता से पहल करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
