जमशेदपुर : रौनियार वैश्य कल्याण समिति के तत्वावधान में बुधवार को रौनियार समाज के गौरव और दिल्ली के अंतिम हिंदू सम्राट हेमचंद्र हेमू का दिल्ली विजय दिवस एवं राज्यारोहण उत्सव धूमधाम और गौरवपूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद भवन ओल्ड एज होम में किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के अध्यक्षअशोक कुमार गुप्ता ने किया। समारोह के दौरान समाज के लोगों ने सम्राट हेमचंद्र हेमू के ऐतिहासिक योगदान और वीरता को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि हेमचंद्र हेमू भारतीय इतिहास के अमर नायकों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने पराक्रम और साहस के बल पर दिल्ली की सत्ता हासिल की थी।

मंच का संचालन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रामायण प्रसाद गुप्ता ने किया। समारोह में मुख्य रूप से भगवान प्रसाद, पूर्व अध्यक्ष अखिल भारतीय रौनियार वैश्य महासभा, अश्वनी गुप्ता, सीडी प्रसाद, प्रदीप गुप्ता, मुरारी गुप्ता, विपिन गुप्ता और श्री राजेश गुप्ता सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने सम्राट हेमचंद्र हेमू की दिल्ली विजय और राज्यारोहण की ऐतिहासिक गाथा को स्मरण करते हुए इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम के अंत में समिति के महासचिव नरेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
