आदित्यपुर : नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मंगलवार को अत्याधुनिक कैथ लैब का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। नई सुविधा शुरू होने से कोल्हान सहित आसपास के क्षेत्रों के हृदय रोगियों को अब एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर प्रत्यारोपण जैसी महत्वपूर्ण कार्डियक सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी. उद्घाटन समारोह में राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा बुनियादी ढांचे का विस्तार समय की जरूरत है।

हृदय रोग जैसी गंभीर और आपातकालीन स्थिति में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कैथ लैब की शुरुआत को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि कैथ लैब शुरू होने से मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे महानगरों का रुख करने की जरूरत कम होगी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लैब में डिजिटल फ्लैट पैनल सिस्टम और हाई-डेफिनिशन इमेजिंग की सुविधा है। हार्ट अटैक के गंभीर मामलों में प्राइमरी एंजियोप्लास्टी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। 24 घंटे आपातकालीन सेवा और विशेषज्ञ कार्डियोलॉजिस्ट की टीम के जरिए ‘गोल्डन ऑवर’ में उपचार पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 800 से अधिक बेड वाले अस्पताल में ICU, ICCU, NICU और PICU सहित विभिन्न क्रिटिकल केयर सुविधाएं उपलब्ध हैं। संस्थान को वर्ष 2025 में 100 MBBS सीटों की अनुमति मिली थी, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 200 हो गई है। अस्पताल आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से भी सूचीबद्ध है. कैथ लैब की शुरुआत से आदित्यपुर, जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र के हृदय रोगियों को समय पर आधुनिक उपचार मिलने की उम्मीद है।
