जमशेदपुर : बाला गणपति विलास पूजा का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना में शहर सहित झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। भगवान गणपति के दर्शन और पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सरयू राय, मीरा मुंडा और कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव समेत कई विशिष्ट अतिथियों ने भगवान गणपति की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर, Mrs. India एवं Mrs. Jharkhand डॉ. तनुश्री बोस की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा कर लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की. डॉ. तनुश्री बोस ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं।
पूजा के दौरान भगवान गणेश के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा में हिस्सा लेकर भगवान गणपति का आशीर्वाद प्राप्त किया। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया. आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
