जमशेदपुर : नवरात्र के दौरान गरबा नाइट के नाम पर होने वाले कथित आपत्तिजनक आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने विरोध जताया है। विहिप की जमशेदपुर महानगर टीम ने बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात कर ऐसे आयोजनों की जांच और कार्रवाई की मांग की।

विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने कहा कि नवरात्र धार्मिक आस्था का पर्व है। संगठन का आरोप है कि कुछ आयोजकों द्वारा गरबा और डांडिया नाइट को व्यवसायिक रूप देते हुए आपत्तिजनक पोस्टर, बैनर और टिकटों का प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से आयोजनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अनुमति रद्द करने और आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की।
विहिप ने डांडिया आयोजकों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की, ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। प्रतिनिधिमंडल में सविता सिंह, अरुण सिंह, चंद्रिका भगत, राजेश वर्मा और अमित शारदा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
