जमशेदपुर : आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र स्थित गदरा सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर महिलाओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को क्षेत्रीय विधायक मंगल कालिंदी की विफलता और जनसमस्याओं के प्रति उदासीन रवैये का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया है।



जारी बयान में श्री तिवारी ने कहा कि गदरा सड़क की बदहाली से क्षेत्र की आम जनता, विशेषकर महिलाओं को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि क्षेत्रीय विधायक अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने में असफल रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं दूसरी ओर विधायक विकास कार्यों के बजाय केवल प्रचार-प्रसार और अपनी लोकप्रियता का माहौल बनाने में व्यस्त हैं। यदि क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य हुए होते, तो महिलाओं को विरोध प्रदर्शन का सहारा नहीं लेना पड़ता।
आजसू नेता ने कहा कि गदरा सड़क की दुर्दशा केवल एक सड़क की समस्या नहीं है, बल्कि यह जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों की वास्तविकता को उजागर करती है। यह घटना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र की कई मूलभूत समस्याएं अब भी अनसुलझी हैं और जनप्रतिनिधियों का ध्यान उन पर पर्याप्त रूप से नहीं है।
श्री तिवारी ने मांग की कि गदरा सड़क के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए। साथ ही क्षेत्र की अन्य लंबित जनसमस्याओं के समाधान के लिए भी ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसे समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आजसू पार्टी जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन चलाने को बाध्य होगी।



