घाटशिला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को लालडीह काली मंदिर परिसर में 101 दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा प्रदेश आमंत्रित कार्यसमिति सदस्य एवं भाजपा नेत्री डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन के नेतृत्व में किया गया. इस अवसर पर डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर में ‘एक दीप आशीर्वाद का’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लालडीह काली मंदिर में 101 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की मंगलकामना की गई।

उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि आशा, सकारात्मकता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकजुटता का संदेश भी देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में भाईचारे और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर सेवा, सद्भाव, सामाजिक एकजुटता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। 101 दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन ने आयोजन में शामिल पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया. मौके पर मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, पार्टी उपाध्यक्ष राहुल पांडेय, प्रवक्ता ब्रजेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि सत्यनारायण पुष्टि, सिद्धार्थ रॉय, जसप्रीत सिंह, पूर्णिमा सिठ, रानी मोहंती समेत अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
