जमशेदपुर : मानव सेवा के साथ-साथ बेसहारा और घायल बेजुबान पशुओं की सेवा को समर्पित जन सेवा संघ ट्रस्ट अपने स्थापना के 10 वर्ष पूरे कर रहा है। वर्ष 2016 में स्थापित ट्रस्ट पिछले एक दशक से जरूरतमंद परिवारों, थैलेसीमिया मरीजों सहित अन्य जरूरतमंदों के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करने के साथ ही घायल एवं बेसहारा पशुओं के इलाज और सेवा में भी लगातार सक्रिय है. इसी सेवा भावना के तहत ट्रस्ट की ओर से 6वें रक्तदान शिविर-2026 का आयोजन आगामी 4 अक्टूबर को किया जाएगा। शिविर का आयोजन जमशेदपुर ब्लड बैंक, धतकीडीह में सुबह 9 बजे से होगा। ट्रस्ट के अनुसार, पूर्व में आयोजित पांच रक्तदान शिविरों के माध्यम से सैकड़ों यूनिट रक्त जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जा चुका है।

पशु चिकित्सकों का होगा विशेष सम्मान……
इस बार के रक्तदान शिविर को खास बनाने के लिए ट्रस्ट की ओर से अपने पशु सेवा अभियान में सहयोग करने वाले शहर के पशु चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि घायल और बेसहारा पशुओं के इलाज एवं सेवा में पशु चिकित्सकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
हर रक्तदाता को मिलेगा सम्मान…….
शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को ट्रस्ट की ओर से सम्मान-पत्र, मेडल एवं उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। संस्था ने अधिक से अधिक लोगों से इस मानवीय अभियान में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की है. ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव से लेकर बेजुबान पशुओं तक हर जरूरतमंद जीव की सेवा करना है। पिछले दस वर्षों से इसी भावना के साथ जन सेवा संघ ट्रस्ट सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
