जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई थी बड़ी लूट, पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें सार्वजनिक कर मांगी सूचना
जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने जांच में सामने आए तीन संदिग्धों की तस्वीरें जारी की हैं। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद करने वाली महत्वपूर्ण सूचना देने वाले लोगों के लिए प्रत्येक संदिग्ध पर ₹2 लाख, यानी कुल ₹6 लाख तक के इनाम की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में धावा बोला था। अपराधियों ने बैंक के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर उनके हाथ-मुंह पर टेप लगा दिया और स्ट्रांग रूम खुलवाया।
पुलिस के मुताबिक, अपराधी बैंक से करीब ₹42 लाख नकद और 23 किलो 800 ग्राम सोना लेकर फरार हुए। लूटे गए सोने और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹33.62 करोड़ बताई गई है। स्ट्रांग रूम में गोल्ड लोन से जुड़े करीब 650 पैकेट रखे होने की जानकारी भी सामने आई है।
20 सदस्यीय SIT कर रही जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। वहीं, SSP डॉ. एहतेशाम वकारिब पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जांच टीम CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य, फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग संभावित ठिकानों और बिंदुओं पर जांच में जुटी हैं।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस द्वारा जारी तस्वीरों में दिखाई दे रहे किसी भी संदिग्ध को यदि कोई व्यक्ति पहचानता है या उसके संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी रखता है, तो पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। प्रत्येक संदिग्ध की पहचान/गिरफ्तारी में मददगार सूचना पर ₹2 लाख का इनाम घोषित किया गया है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
