जमशेदपुर : ऑल इंडिया ड्राइवर संघ ने सामाजिक कार्यकर्ता अप्पू तिवारी को पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार को संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष परविंदर पाण्डेय ने उन्हें संघ की सदस्यता दिलाते हुए यह दायित्व सौंपा। इस दौरान जिले के ड्राइवरों को संगठित करने, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा उनके अधिकार और सम्मान के लिए काम करने का संकल्प लिया गया. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अप्पू तिवारी ने कहा कि ऑल इंडिया ड्राइवर संघ ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे। ड्राइवरों के अधिकार, सम्मान और हक की आवाज बनने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ड्राइवर वर्ग आज सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। सड़क पर दिन-रात मेहनत करने के बावजूद कई बार उन्हें मूलभूत अधिकारों और सम्मान से वंचित होना पड़ता है। ऐसे में पूर्वी सिंहभूम जिले के ड्राइवरों की जायज समस्याओं को संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी. अप्पू तिवारी ने कहा, “ड्राइवर समाज का मेहनतकश वर्ग है। मैं उनके सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूंगा। उनके अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई में उनकी आवाज बनने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”
उन्होंने जिले के सभी ड्राइवरों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर आवाज उठाने की अपील की. इस अवसर पर जमशेदपुर में ड्राइवर संघ से जुड़े सदस्यों और सहयोगियों ने अप्पू तिवारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले में ड्राइवरों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाया जाएगा।
