जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद में आज सेल्फ एन्यूमरेशन (Self Enumeration) को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने स्वयं सेल्फ एन्यूमरेशन कर लोगों को जागरूक किया और बताया कि हर नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है।

इस अवसर पर नगर परिषद में बीएलओ, शिक्षक, नगर परिषद कर्मियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम दिन भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे आम लोगों का सही मार्गदर्शन कर सकें।
अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज करने की यह प्रक्रिया नागरिकों के लिए सरल और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग आगे आकर सेल्फ एन्यूमरेशन करें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने आगे कहा कि जनगणना में सही और पूर्ण जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक सही तरीके से पहुंच सके।
