जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 5G मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इस क्रम में जिले के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने तथा उनके त्वरित निष्पादन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर सदर प्रखंड में संचालित दावा-आपत्ति सुनवाई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ ईआरओ सह एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह, संबंधित एईआरओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से अब तक प्राप्त कुल आवेदनों, उनके निष्पादन की स्थिति और मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
गोलमुरी क्षेत्र में होम टू रोल वेरिफिकेशन का लिया जायजा
क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गोलमुरी क्षेत्र का दौरा कर ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ (Home to Roll Verification) की प्रक्रिया का जमीनी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया।
उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत बीएलओ (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार और एक ही घर में निवास करने वाले सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हों, ताकि मतदान के दौरान किसी भी परिवार को अलग-अलग बूथों पर न जाना पड़े। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।
अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
निरीक्षण के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ और संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन की पूरी प्रक्रिया में आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने प्रत्येक पात्र मतदाता से संबंधित जानकारी का पूरी तरह सही और निष्पक्ष सत्यापन करने पर जोर दिया।
मतदाताओं से विशेष अपील
प्रशासन की ओर से जिले के सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्वाचक सूची में अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम तथा अन्य विवरणों की भली-भांति जांच कर लें। यदि विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि, नाम छूटने या कोई आपत्ति हो, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित दावा-आपत्ति सुनवाई स्थल पर अपना आवेदन समय पर अवश्य प्रस्तुत करें।
संवाददाता : सोहन साह
