गोलमुरी सड़क हादसे के बाद ट्रैफिक थाना प्रभारी से मिले आजसू जिला प्रवक्ता, कहा दुर्घटना के बाद जागने से बेहतर है पहले सुरक्षा के इंतजाम करना

जमशेदपुर : गोलमुरी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने जिला पुलिस एवं ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मृतक के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि शहर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है. अप्पू तिवारी ने गोलमुरी ट्रैफिक थाना प्रभारी से मुलाकात कर दुर्घटना को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और उन सुझावों को धरातल पर लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना होने के बाद घटनास्थल पर पहुंचना और कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। पुलिस को दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी होगी।
उन्होंने मांग की कि गोलमुरी सहित शहर के सभी दुर्घटना संभावित चौक-चौराहों एवं प्रमुख सड़कों पर नियमित ट्रैफिक जांच, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर नियंत्रण, अवैध पार्किंग पर रोक तथा पर्याप्त ट्रैफिक संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं. उन्होंने कहा कि “जब सड़क पर खतरा दिखाई दे रहा हो तो हादसे का इंतजार करना प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि लापरवाही है। किसी परिवार का चिराग बुझने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि पुलिस समय रहते ऐसे इंतजाम करे कि हादसा ही न हो।”
अप्पू तिवारी ने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने जिला पुलिस से केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जरूरी है, लेकिन इसके साथ-साथ सड़क की वास्तविक स्थिति, ट्रैफिक सिग्नल, स्ट्रीट लाइट, सड़क संकेतक और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की निगरानी भी उतनी ही जरूरी है।
अप्पू तिवारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की जान की कीमत किसी भी व्यवस्था से बड़ी है। प्रशासन को अब हादसों का आंकड़ा बढ़ने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि ठोस कदम उठाकर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगानी चाहिए. उन्होंने गोलमुरी हादसे में मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
