जमशेदपुर (परसुडीह) : शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलपहाड़ी नया बस्ती में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सनकी युवक ने पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही घर को आग के हवाले कर दिया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में लगी इस आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।


















नशे की हालत में मां और बच्चों को पीटा
जानकारी के अनुसार, राजा प्रसाद नामक युवक, जो पेशे से चालक है, पिछले तीन दिनों से नशे की हालत में घर में लगातार विवाद कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी मां पुतुल देवी, पत्नी और तीन मासूम बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें जबरन घर से बाहर निकाल दिया। इसके तुरंत बाद उसने कमरे के अंदर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
बस्ती के युवाओं ने दिखाई बहादुरी, टला ब्लास्ट
आग की लपटें उठती देख बस्ती के युवाओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया। चूंकि इलाका काफी सघन है, इसलिए सिलेंडर फटने का बड़ा खतरा था। स्थानीय युवाओं ने तुरंत पाइप के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और जान जोखिम में डालकर जलते घर से गैस सिलेंडर बाहर निकाला। मोहल्ले के अन्य लोगों ने भी एहतियात के तौर पर अपने-अपने घरों से सिलेंडर बाहर निकाल लिए, जिससे एक बड़ा धमाका होने से टल गया।
सब कुछ जलकर हुआ राख
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम दमकल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सक्रिय सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक घर के अंदर रखा सारा कीमती सामान, कपड़े और दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर है।
पुलिस जांच में जुटी
गनीमत यह रही कि इस पूरी घटना में किसी की जान नहीं गई। परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी युवक फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
