जमशेदपुर । सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत EYA Foundation, Jamshedpur ने अपनी स्थापना के तीन सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य “Champion Night – 3rd Anniversary Celebration” का आयोजन किया। इस अवसर पर संस्था के उन सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने पूरे वर्ष निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान दिया।

कार्यक्रम के दौरान लगभग 140 सक्रिय सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। वर्तमान में EYA Foundation से 700 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं, जिनमें लगभग 250 सदस्य टाटा स्टील के कर्मचारी हैं। संस्था शिक्षा, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, खाद्य वितरण, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सौरभ राय (Chief, Tata Steel Foundation) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री टूनू चौधरी (President, Tata Workers Union), शैलेश सिंह (Deputy President, Tata Workers Union), मंगल कालिंदी (विधायक, जुगसलाई), कुणाल सारंगी (Central Spokesperson, JMM), संजय चौधरी (GM, Jamshedpur Blood Centre) तथा सुश्री शालिनी खजूर (Senior Manager, Tata Steel Foundation) शामिल रहे।
इस अवसर पर Tata Workers Union के पदाधिकारियों नितेश राज, अजय चौधरी, संजय सिंह, अमोद दुबे एवं संजीव तिवारी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त दैनिक भास्कर से नीरज कुमार तथा प्रभात खबर के संपादक ब्रजेश सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सभी अतिथियों ने EYA Foundation द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं द्वारा संचालित यह संगठन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने संस्था के स्वयंसेवकों को सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों के साथ आगे भी कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में EYA Foundation ने रक्तदान शिविरों, “खुशियों की पाठशाला” के माध्यम से वंचित बच्चों की शिक्षा, भोजन वितरण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न सामाजिक पहलों के माध्यम से हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है।
इस अवसर पर EYA Foundation के संस्थापक दीपक मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं EYA Foundation के सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “EYA Foundation की तीन वर्षों की यह यात्रा किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हर उस स्वयंसेवक की है जिसने निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा को अपना दायित्व समझा। आप सभी के सहयोग, विश्वास और समर्पण ने इस संस्था को आज इस मुकाम तक पहुँचाया है। आने वाले वर्षों में भी हम इसी सेवा भावना के साथ समाज के लिए और अधिक कार्य करने का संकल्प लेते हैं।”
कार्यक्रम के दौरान संस्था की उपलब्धियों को साझा किया गया तथा समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित स्वयंसेवकों ने समाज सेवा के इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाने का संकल्प लिया।
“Champion Night” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्सव बनकर सभी के लिए प्रेरणादायी और यादगार साबित हुआ।
