जमशेदपुर : एनसीवीटी (NCVT) से मान्यता प्राप्त एवं फाइव-स्टार रेटिंग प्राप्त नारायण प्राइवेट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI) द्वारा रविवार को बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के केपी हॉल में भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल का सदुपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। सरयू राय ने जोर देते हुए कहा, “आज सुरक्षा केवल उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन का अभिन्न अंग है। 4जी और 5जी के इस युग में स्वयं और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।”
संस्थान की उपलब्धियों पर चर्चा
संस्थान के निदेशक डॉ. जटाशंकर पांडे ने संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के दम पर नारायण आईटीआई ने बहुत कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है।
भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह ने नारायण आईटीआई की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने बेहद कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। वहीं, सीबीएमडी एवं स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि राज्य के लगभग 300 आईटीआई संस्थानों के बीच शीर्ष आठ में स्थान बनाना और झारखंड का पहला आईटीआई होना जिसे ‘ट्रेनर’ के रूप में मान्यता प्राप्त है, संस्थान के लिए गौरव की बात है।
सम्मानित हुए व्यक्तित्व
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय, सत्येंद्र कुमार, देवानंद सिंह एवं संस्थान के निदेशक एस.एन. ठाकुर को सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन सुधीर सिंह ने किया।
विशिष्ट अतिथि:
- एस.एन. ठाकुर (ट्रस्टी, नारायण ट्रस्ट)
- इंदु कुमारी (ट्रस्टी, नारायण ट्रस्ट)
- जयप्रकाश राय (संपादक, चमकता आईना)
- सत्येंद्र कुमार (क्षेत्रीय संपादक, खबर मंत्रा)
- देवानंद सिंह (समूह संपादक, राष्ट्र संवाद)
- किरण सिंह (समाजसेवी)
संस्थान के समर्पित शिक्षकगण:
प्रशांत पति, स्नेहाशीष बक्शी, अविनाश मिश्रा, सी.पी. मौर्य, विशाल गुप्ता, आलोक राज, नीरज ओझा, संजय कुमार, बी.के. कुमार भास्कर, डॉ. कुमार राहुल और सुदिष्ठ कुमार।
संवाददाता : सोहन साह

