जमशेदपुर में Electoral Literacy Club 2.0 के प्रभावी संचालन पर कार्यशाला आयोजित, SIR-2026 को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर
जमशेदपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में निर्वाचन साक्षरता और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को साकची स्थित रवीन्द्र भवन ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के उच्च विद्यालयों, प्लस-2 विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राधिकृत Electoral Literacy Club (ELC) समन्वयकों ने भाग लिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यशाला में Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 के प्रभावी संचालन, क्लब के गठन एवं पंजीकरण और सदस्यों के विवरण की प्रविष्टि से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने तथा विद्यार्थियों के बीच मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
प्रत्येक विद्यालय से एक बालक और एक बालिका को लीड मेंबर बनाने की अपील
कार्यशाला के दौरान सभी विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से अपील की गई कि वे कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों में से एक बालक एवं एक बालिका को ELC के लीड मेंबर के रूप में नामित करें। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। लीड मेंबर के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच निर्वाचन साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की योजना है, ताकि युवा पीढ़ी को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा सके।
SIR-2026 को लेकर भी जागरूकता पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने संस्थान स्तर पर निर्वाचन साक्षरता क्लबों को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने SIR-2026 के संबंध में जागरूकता गतिविधियों को गति देने और निर्वाचन से जुड़ी सही एवं प्रमाणिक जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों के माध्यम से इन जानकारियों को व्यापक समुदाय तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई गई। कार्यशाला में समन्वयकों को बताया गया कि ELC के गठन, पंजीकरण तथा सदस्यों का विवरण दर्ज करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल eci.gov.in/electoral-literacy-club अथवा ECINET प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा सकता है।
कई अधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यशाला में ईआरओ सह धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, डीसीएलआर धालभूम सच्चिदानंद महतो सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से जिले के शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों को प्रभावी बनाकर विद्यार्थियों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने की दिशा में पहल की गई।
