जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शहर में सनसनी फैलाने वाले अपहरणकांड का सफल खुलासा कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट परिसर के समीप से हुए सुशील डे नामक युवक के अपहरण मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अपहरण के लिए इस्तेमाल की गई थार गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

क्या था पूरा मामला?
बीती 15 जुलाई को जमशेदपुर कोर्ट के पास से सुशील डे के अपहरण की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसी दिन अपहृत युवक सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया था।
आरोपियों की पहचान और आपराधिक इतिहास
सघन जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 जुलाई को मामले के दो नामजद आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मोनी मोहंती का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट, छेड़छाड़ और पोक्सो एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि इस अपहरणकांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपी कानून की गिरफ्त में होंगे।

