जमशेदपुर : पावरलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जमशेदपुर के महेश मिश्रा ने झारखंड का नाम रोशन किया है। 31 अक्टूबर 2026 को टेल्को स्थित राजस्थान सेवा समिति, गायत्री नगर में आयोजित झारखंड केसरी बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप में महेश ने 93 किलोग्राम भार वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
जेमको मिश्रा बगान निवासी बलभद्र मिश्रा के पुत्र महेश ने बेंच प्रेस में 145 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 182.5 किलोग्राम वजन उठाकर शानदार प्रदर्शन किया। इससे पूर्व भी वह बंगाल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
उन्हें मुख्य अतिथि एवं अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज सह पुलिस उपाधीक्षक अरुणा मिश्रा ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गनाइजेशन (JPO) की ओर से किया गया था। महेश की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और संगठन के सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



