जमशेदपुर : झारखंड में होने वाले नगर निगम और नगर परिषद चुनाव को लेकर जौहर जनसेवक पार्टी और जनसेना पार्टी ने संयुक्त रूप से जनता से अहम अपील की है। दोनों दलों ने मतदाताओं से कहा है कि वे ऐसे प्रत्याशी को ही चुनें जो साफ-सुथरी छवि वाला, समाज के लिए ईमानदारी से काम करने वाला और जाति-धर्म व आपसी मतभेद से दूर रहने वाला हो।
पार्टी नेताओं ने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास की बुनियाद होते हैं। ऐसे में जरूरी है कि जनता ऐसे जनप्रतिनिधि को चुने जो जनसेवा को राजनीति से ऊपर रखे, आम नागरिकों की समस्याओं को समझे और बिना भेदभाव के विकास कार्य करे।
दोनों पार्टियों का मानना है कि जाति और मतभेद की राजनीति ने समाज को नुकसान पहुंचाया है। अब समय आ गया है कि झारखंड की जनता ईमानदार, कर्मठ और समाजसेवी उम्मीदवारों को मौका दे, ताकि नगरों और परिषद क्षेत्रों में वास्तविक विकास हो सके। जोहार जनसेवक पार्टी और जनसेना पार्टी ने भरोसा जताया कि झारखंड की जागरूक जनता इस बार सही निर्णय लेकर लोकतंत्र को मजबूत करेगी।


