जमशेदपुर : प्रेस पब्लिक मीडिया एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप चौधरी को पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। ब्रह्मर्षि विकास मंच के मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने उन्हें सम्मान प्रदान किया. सम्मान समारोह में मंच से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान पत्रकारों के हित, उनकी समस्याओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

सम्मान प्राप्त करने के बाद कुलदीप चौधरी ने विकास सिंह सहित सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए उत्साहवर्धन का विषय है और इससे पत्रकारों के हित में कार्य करने की जिम्मेदारी और बढ़ी है. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों को समाज तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनहित के मुद्दों और समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सामने लाना भी इसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रेस पब्लिक मीडिया एसोसिएशन पत्रकारों के अधिकारों और हितों को लेकर आगे भी सक्रियता से कार्य करता रहेगा।
