जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र के बारिश कॉलोनी स्थित बेहरा बगान में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध गांजा कारोबार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3.680 किलो गांजा, 1299 पुड़िया, ₹6,590 नकद, मोबाइल फोन, दो क्यूआर कोड और पैकिंग सामग्री बरामद की। मौके से पुलिस ने बिनीता तिर्की (59) और अब्दुल शकील (69) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, मकान में गांजा को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर आजादनगर, मानगो, कपाली और आसपास के इलाकों में बिक्री की जाती थी। पूछताछ के दौरान गांजा बुंडू निवासी ‘धोनी’ से लाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
