जमशेदपुर : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनजातीय समुदाय और UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग ने लंबित मामलों के समाधान को लेकर UCIL प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

जादूगोड़ा के प्रभावित गांवों का किया स्थल निरीक्षण.…..
समीक्षा बैठक से पहले डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आयोग के आठ सदस्यीय दल ने पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र का दौरा किया। आयोग की टीम ने मेचुआ, इचरा सहित आसपास के गांवों का स्थल निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं. ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष पेयजल, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, विस्थापित परिवारों को रोजगार एवं उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखीं। आयोग ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जनजातीय कर्मचारियों के प्रमोशन और आवास का मुद्दा भी उठा……
बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. आशा लकड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने UCIL के CMD एवं वरिष्ठ अधिकारियों को जनजातीय समुदाय और कर्मचारियों से संबंधित लंबित मामलों में प्रभावी एवं सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा आयोग के निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
15 दिनों के भीतर देनी होगी कार्रवाई रिपोर्ट……
आयोग ने समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों के अनुपालन को लेकर UCIL प्रबंधन से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इससे लंबित मामलों के समाधान और आयोग के निर्देशों के क्रियान्वयन की स्थिति की निगरानी की जा सकेगी. बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे।
