जमशेदपुर : शिक्षक दिवस के अवसर पर लक्ष्य फाउंडेशन की टीम द्वारा पातीपानी प्राथमिक मध्य विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने बच्चों को डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, शिक्षा के प्रति उनके विचारों एवं उनके आदर्शों के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य को समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्य, बच्चों के प्रति समर्पण तथा निस्वार्थ सेवा भाव को देखते हुए लक्ष्य फाउंडेशन की टीम द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्य फाउंडेशन के संस्थापक विश्वनाथ दत्ता ने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और सही मार्गदर्शन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और शिक्षा के माध्यम से वे अपने परिवार, समाज एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
वहीं सह-संस्थापक शिबू नंदी ने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि बच्चे अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नशे जैसी बुराइयों से हमेशा दूर रहें। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं नशे का सेवन न करें और अपने घर के बड़े-बुजुर्गों एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं शिक्षकों के बीच शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ। लक्ष्य फाउंडेशन की टीम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। अंतिम में बच्चों के बीच चॉकलेट वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
लक्ष्य फाउंडेशन का संकल्प है— शिक्षा, संस्कार और सेवा के माध्यम से समाज को बेहतर दिशा देना। कार्यक्रम में उपस्थित संस्थापक विश्वनाथ दत्ता सहसंस्थापक शिबू नंदी लक्की कर्मकार इंद्रनील दास।
