जमशेदपुर : मानगो एवं उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात नौ दुकानों के ताले तोड़कर नकद एवं लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी की सनसनीखेज घटना के विरोध में जनता दल (यूनाइटेड), पूर्वी सिंहभूम का एक प्रतिनिधिमंडल मानगो मंडल अध्यक्ष लालू गौड़ एवं उलीडीह मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंह के नेतृत्व में उलीडीह थाना प्रभारी से मिला तथा उन्हें ज्ञापन सौंपकर घटना का शीघ्र उद्भेदन, अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी एवं चोरी हुए नकद व सामान की बरामदगी की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि मानगो-डिमना रोड एवं उलीडीह क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में एक ही रात नौ दुकानों को निशाना बनाया गया। कई दुकानों के ताले तोड़ दिए गए, जबकि दो दुकानों से नकद राशि एवं लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली गई। लगातार पुलिस गश्ती के दावों के बावजूद इस प्रकार की संगठित चोरी की घटना ने पूरे व्यापारिक समुदाय में भय, असुरक्षा एवं आक्रोश का माहौल उत्पन्न कर दिया है। इससे यह प्रतीत होता है कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है।
जदयू नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाकर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी कर पीड़ित दुकानदारों को न्याय दिलाया जाए तथा मानगो एवं उलीडीह के सभी प्रमुख बाजारों में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए। पार्टी ने संवेदनशील व्यापारिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की भी मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने के उपरांत जनता दल (यूनाइटेड) का प्रतिनिधिमंडल चोरी की घटना से प्रभावित दुकानों पर पहुंचा और पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। नेताओं ने दुकानदारों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि जनता दल (यूनाइटेड) इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए सामान की बरामदगी एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए पार्टी प्रशासन के साथ लगातार संवाद बनाए रखेगी और आवश्यक होने पर आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।
जदयू के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो उनका मनोबल और बढ़ेगा, जिसका प्रतिकूल प्रभाव शहर के व्यापारिक वातावरण पर पड़ेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बहाल करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने एवं पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, कुलविंदर सिंह पन्नू, विकास साहनी, आकाश शाह, प्रेम सक्सेना, संजीव सिंह, उषा यादव, ममता सिंह, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, मुस्ताक अहमद, मनोज गुप्ता, नीरज साहू, संजीव सिंह, अशोक सिंह, शिरीन अख्तर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

