जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा पिगमेंट गेट के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार 407 ट्रक ने टाटा ऐस (मिनी ट्रक) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा ऐस अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया। घटना में टाटा ऐस चालक परीक्षित दास को हल्की चोटें आईं।
चालक परीक्षित दास ने बताया कि वे टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) में कार्यरत हैं और मंगलवार को बिष्टुपुर से जुगसलाई रोड की ओर 3 मार्च की तैयारी के सिलसिले में जा रहे थे। उनका वाहन सामान्य गति से चल रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे 407 ट्रक ने अचानक टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। मामले की जांच की जा रही है।
