मां के दर्शन के लिए सुबह से मंदिरों में पहुंच रहे श्रद्धालु, पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की मांग रहे मन्नत
जमशेदपुर। शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन शनिवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की जा रही है। इस पावन अवसर पर शहर के विभिन्न देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही भक्त मां के दर्शन और पूजन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां महागौरी को शांति, पवित्रता, करुणा और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन से मां महागौरी की आराधना करने से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

विधि-विधान से हो रही पूजा-अर्चना
नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर श्रद्धालु मां महागौरी को पुष्प, फल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर रहे हैं। मंदिरों में मंत्रोच्चार, दुर्गा सप्तशती के पाठ और भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कई स्थानों पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जा रहा है।
अष्टमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व
नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। श्रद्धालु छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करते हैं तथा भोजन कराकर उपहार और दक्षिणा भेंट करते हैं। कई परिवारों में अष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा के साथ कन्या पूजन की परंपरा निभाई जा रही है।
भक्तिमय हुआ माहौल
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों और पूजा पंडालों में भक्ति और उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। चारों ओर गूंज रहे जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
लोकतंत्र सवेरा
खबर या विज्ञापन के लिए संपर्क करें : 6200626634
