जमशेदपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 18 एवं 20 जुलाई को मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष सहायता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने, फॉर्म भरने में सहयोग, उन्हें जमा करने तथा डिजिटाइजेशन एवं मैपिंग से संबंधित आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

विशेष सहायता शिविर के अंतिम दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मानपीटा, घोड़ाबांधा एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा इन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन और मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
शीघ्र फॉर्म जमा करने की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि इन विशेष सहायता शिविरों का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को इन्यूमरेशन फॉर्म भरने एवं जमा करने में हरसंभव सहायता प्रदान करना है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि जिन लोगों ने अभी तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से भरकर और हस्ताक्षर कर बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराया है, वे बिना किसी विलंब के इसे अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें, ताकि समय पर इसका डिजिटाइजेशन पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म मुद्रित करवाकर बीएलओ के माध्यम से घर-घर पहुंचाए गए हैं। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन की प्रक्रिया में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सभी नागरिकों का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान उनके साथ ईआरओ सह अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह, संबंधित बूथों के बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं बड़ी संख्या में स्थानीय मतदाता उपस्थित रहे।
सोहन साह ( संवाददाता )

