जमशेदपुर।। अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ, जमशेदपुर द्वारा वीर शहीद राजा शंकर शाह एवं उनके वीर पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में दोनों वीरों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया। उनकी वीरता और देशभक्ति से भयभीत होकर अंग्रेजों ने 18 सितंबर 1858 को उन्हें तोप के मुंह से बांधकर उड़ा दिया, किंतु उनके बलिदान ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में अमिट स्थान बना लिया।

अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ, जमशेदपुर के अध्यक्ष श्री दिनेश साह एवं महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती नीतू कुमारी सहित संघ के पदाधिकारी, महिला समिति के सदस्य एवं समाज के गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उपस्थित प्रमुख लोगों में रामानंद प्रसाद, नरेश साह, रामबचन ठाकुर, उमेश साह, रामेश्वर प्रसाद, शांति देवी, लीलावती देवी, अंबे ठाकुर, मंजू देवी, चंपा देवी तथा अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के संगठन सह मीडिया प्रभारी सोहन साह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन जेमको मिश्रा बगान स्थित स्वर्गीय उमाशंकर साह जी के निवास स्थान पर किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं नेतृत्व महिला समिति की ओर से श्रीमती माला कुमारी ने किया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के लोगों से अपने गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा वीर शहीदों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।
संवाददाता : सोहन साह
