जमशेदपुर। जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन ने टाटा कंपनी के माल ढुलाई कार्य में लगे करीब 7 हजार ड्राइवरों के अधिकारों की मांग को लेकर 11 फरवरी को चक्का जाम हड़ताल करने का एलान किया है। यूनियन ने साफ तौर पर कहा है कि इस दौरान कंपनी का प्रोडक्शन पूरी तरह ठप किया जाएगा।
हड़ताल की तैयारियों को लेकर बुधवार को यूनियन द्वारा ड्राइवरों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी ड्राइवरों ने एकजुट होकर अपने हक के लिए आंदोलन करने का संकल्प लिया और रणनीति तय की।
यूनियन अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का भुगतान ड्राइवरों को नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा कंपनी की पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह नरकीय स्थिति में पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल के नाम पर पार्किंग में ड्राइवरों से अवैध वसूली की जा रही है।
जय किशोर सिंह ने यह भी कहा कि मजदूरों के वेतन और हितों को नजरअंदाज कर टेंडर निकाले जा रहे हैं, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। इन तमाम मुद्दों के विरोध में यूनियन ने टाटा स्टील पार्किंग, ट्यूब पार्किंग, टिनप्लेट पार्किंग और सीआरएम बारा पार्किंग गेट को जाम कर हड़ताल करने का निर्णय लिया है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
