जमशेदपुर : शहर के चर्चित रंगदारी मामले में बुधवार को अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया। एडीजे-6 की अदालत ने शहर के कारोबारी हरेराम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी आकाश कुमार सिंह को जमानत प्रदान कर दी। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता संजीव रंजन बरियार ने पैरवी की।

बताया जा रहा है कि कारोबारी सिंह से विदेश से फोन कर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि यह कॉल गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा कराया गया था। घटना के बाद पीड़ित कारोबारी ने सीतारामडेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
बताया जाता है कि आरोपी गत 29 अक्टूबर 2025 से घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद था। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपी का मामले से सीधा संबंध नहीं है और वह लंबे समय से न्यायिक हिरासत में है। दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने शर्तों के साथ जमानत मंजूर कर ली. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अब भी जारी है और रंगदारी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
