लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने अब भयावह मोड़ ले लिया है। थाना से महज 15 कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा गोली मारकर घायल किए गए फल कारोबारी कन्हैया यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
घटना कॉम्प्लेक्स मैदान के पास की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पहुंचे बाइक सवार अपराधियों ने कन्हैया यादव पर निशाना साधते हुए कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। उन्हें गंभीर अवस्था में टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दिनदहाड़े थाना के इतने करीब इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को आपसी रंजिश और व्यवसायिक विवाद के एंगल से भी जांच रही है। शहर में इस सनसनीखेज वारदात के बाद दहशत का माहौल है।
