जमशेदपुर : रविवार को धनबाद पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के डोबो पुल से कदमा निवासी आशीष सिंह को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, आशीष पर कुछ दिनों पूर्व धनबाद में हवाई फायरिंग करने का आरोप है, जिसके बाद से धनबाद पुलिस उसकी तलाश में थी।

सूत्रों के अनुसार, आज डोबो पुल पर भाजपा नेता आदित्य साहू के स्वागत कार्यक्रम के दौरान धनबाद पुलिस सिविल ड्रेस में मौजूद थी। मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस ने अचानक दबिश दी और आशीष सिंह राजपूत को पकड़कर अपने साथ ले गई।
आशीष की गिरफ्तारी के बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि आशीष के समर्थकों ने भाजपा नेता हरजीत उर्फ चिंटू सिंह पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से लात घूंसे चलने लगे। घटना के चलते कुछ देर के लिए वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों की माने तो आशीष के साथ चार से पांच अन्य युवक भी धनबाद की घटना में शामिल थे, जिनकी तलाश अभी भी जारी है। फिलहाल धनबाद पुलिस आशीष सिंह राजपूत से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य युवकों की तलाश में छापेमारी जारी है।
