जमशेदपुर : जमशेदपुर में स्कूली वाहन सेवा सोमवार 02 फरवरी 2026 से पूरी तरह अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगी। यह निर्णय जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालन समिति ने लिया है। समिति का कहना है कि फर्जी एफआईआर और गलत जांच प्रक्रिया के कारण वाहन चालकों और उनके परिवारों का जीवन बर्बाद हो रहा है।
मामला बिरसानगर थाना कांड संख्या 4/27, दिनांक 27 जनवरी 2026, धारा 65(2) बीएनएस पोस्टो एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समिति ने यह कठोर कदम उठाया है।
सुबह 6 बजे से पूरी तरह बंद रहेंगे स्कूल वाहन……
समिति ने स्पष्ट किया है कि सोमवार सुबह 6:00 बजे से जमशेदपुर के सभी स्कूली वाहन सड़कों से पूरी तरह नदारद रहेंगे। इसका सीधा असर हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों पर पड़ेगा।
3–4 साल जेल, फिर भी नहीं मिलती रिपोर्ट!
पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि इससे पहले भी कई मामलों में
वाहन चालक 3 से 4 साल तक जेल में रहे,
लेकिन जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट में कुछ भी साबित नहीं हो पाया,
फिर भी चालकों और उनके परिवारों को सामाजिक व आर्थिक रूप से भारी नुकसान झेलना पड़ा। समिति का कहना है कि ऐसी गलत एफआईआर से पूरा परिवार तबाह हो जाता है, जो न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रशासन को दी गई सूचना……
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम (जमशेदपुर) को विधिवत सूचना दे दी गई है। साथ ही पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को भी भेजी गई है।
अब आगे क्या?……
यदि प्रशासन ने जल्द निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने के संकेत भी समिति ने दिए हैं।
