जमशेदपुर : सनातन उत्सव समिति के संस्थापक सह भाजपा युवा नेता चिंटू सिंह ने केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए मजबूत नींव रखने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट न सिर्फ वर्तमान चुनौतियों का समाधान करता है, बल्कि भविष्य के भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में अहम कदम है।



चिंटू सिंह ने कहा कि बजट में एमएसएमई सेक्टर को प्राथमिकता देकर छोटे और मध्यम उद्योगों को मजबूती दी गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से आम जनता को बेहतर और सुलभ इलाज मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर मिशन और बायो-फार्मा सेक्टर के लिए किए गए प्रावधान देश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ दीर्घकालिक आर्थिक मजबूती प्रदान करेंगे। इन क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप के नए रास्ते खुलेंगे।
चिंटू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट से देश की अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त होगी तथा समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा।
