जमशेदपुर | लोकतंत्र सवेरा : बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाए जाने और हत्याओं की घटनाओं पर आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलेश दूबे ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है और वहां की स्थिति दिन-प्रतिदिन भयावह होती जा रही है।



कमलेश दूबे ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस संवेदनशील मुद्दे को केवल कूटनीतिक बयानबाज़ी तक सीमित न रखा जाए, बल्कि कठोर और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और अधिक बिगड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हो रही घटनाएं मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को इस मुद्दे को मजबूती से उठाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए।
आजसू नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने अब भी गंभीरता नहीं दिखाई, तो यह संकट पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा बन सकता है।
