जमशेदपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार को साकची पुराने कोर्ट परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष धरना एवं उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की।


इस धरना-उपवास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में बलजीत सिंह बेदी एवं जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने दुर्भावनापूर्ण नीति के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में जहां केंद्र सरकार 90 प्रतिशत राशि उपलब्ध कराती थी, वहीं वर्तमान मोदी सरकार ने केंद्र का अंश घटाकर 60 प्रतिशत कर दिया है, जिससे राज्यों पर आर्थिक बोझ बढ़ा और मजदूरों का रोजगार प्रभावित हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिसे समाप्त करने की साजिश को किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराने के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। यह आंदोलन अब पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा।

धरना-उपवास कार्यक्रम में जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी, जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, प्रदेश महासचिव बिजय खान, प्रदेश सचिव राकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
