जमशेदपुर : 2 फरवरी को नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं मदन मोहन पब्लिक स्कूल का चौथा वार्षिक महोत्सव “फेस्टिवा” राजेंद्र विद्यालय के सभागार में हर्षोल्लास और उल्लासपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की तीनों शाखाओं—किताडीह, परसुडीह और बिरसानगर—तथा मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन नेताजी संस्था समूह के प्रधान एवं नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मदन मोहन सिंह, उनकी धर्मपत्नी एवं नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रबंध निदेशक श्रीमती विभा सिंह, तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन……
उद्घाटन के पश्चात बच्चों ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुभ शुरुआत की। इसके बाद सांस्कृतिक, क्षेत्रीय, बॉलीवुड और देशभक्ति नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने वृद्धाश्रम की कटु सच्चाई, महिला सशक्तिकरण जैसे गंभीर सामाजिक विषयों को लघु नाटकों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों द्वारा दादा-दादी और नाना-नानी के सम्मान में प्रस्तुत नृत्य ने सभागार को भावनाओं से भर दिया और कई अभिभावक भावविह्वल हो उठे।
बुज़ुर्गों के हाथों सम्मान, बनी अनूठी मिसाल…..
चारों शाखाओं में अकादमिक उत्कृष्टता और सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति के लिए चयनित छात्रों को उनके ही दादा-दादी अथवा नाना-नानी को मंच पर आमंत्रित कर पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस पहल को अभिभावकों ने अनूठा और प्रेरणादायी कदम बताते हुए जमकर सराहा।
नई पहल “उड़ान” की शुरुआत……
इस वर्ष से एक नए पुरस्कार “उड़ान” की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पंख और मंच देना है। “उड़ान” के प्रथम वर्ष में मदन मोहन पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर को 7 पदक, परसुडीह शाखा को 3 पदक, बिरसानगर शाखा को 2 पदक प्राप्त हुए। इसके साथ ही नर्सरी से कक्षा पाँचवीं तक की सभी शाखाओं के पाठ्येतर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दूसरे दिन और भी रंगारंग प्रस्तुतियां….
वार्षिक महोत्सव “फेस्टिवा” के दूसरे दिन, 3 फरवरी को पोखारी, बारीडीह, कदमा और गोविंदपुर के छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी।



























































