जमशेदपुर : साकची आदित्य विज़न के सामने सोमवार की देर रात बड़ी घटना सामने आयी है. यहां तेज़ रफ्तार वरना कार ने खड़ी ब्रांड न्यू स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वरना में अचानक लगी आग और कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो भी लपटों की चपेट में आ गयी. दोनों गाड़ियां जलकर खाक हो गयी. आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. घटना के तुरंत बाद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड तथा पुलिस को सूचना दी. बावजूद जब तक दमकल की गाड़ी पहुंची, आग विकराल रूप ले चुकी थी और दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो चुके थे।

जानकारी के अनुसार, वरना कार में आग लगते ही उस पर सवार दो युवक मौके से फरार हो गए वहीं, स्कॉर्पियो के मालिक रोशन सिंह, जो गोलमुरी नामदा बस्ती के निवासी हैं, गाड़ी नीचे पार्क कर अपने परिवार के साथ पास के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे. आग लगने की सूचना मिलते ही जब वे नीचे पहुंचे, उनकी गाड़ी धू-धू कर जल चुकी थी. दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था. पुलिस घटना की जांच में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि टक्कर और उसके बाद की पूरी घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके. शुरुआती जानकारी के आधार पर पुलिस वरना कार सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
