जमशेदपुर : जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रतिनिधियों की घोषणा कर दी गई है। इस क्रम में गोलमुरी मंडल से बैजनाथ उपाध्याय को दोबारा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि धीरज पासवान को मंडल प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए बैजनाथ उपाध्याय पर एक बार फिर भरोसा जताया गया है। वहीं धीरज पासवान की नियुक्ति से मंडल में संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल की उम्मीद जताई जा रही है।
घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गोलमुरी मंडल संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावी तैयारियों को नई गति मिलेगी। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य मंडलों में भी संगठनात्मक गतिविधियां तेज होंगी और भाजपा जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ और मजबूत करेगी।
