जमशेदपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर की उलीडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 3.80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 निवासी मनीष यादव (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 26 पुड़िया में भरी ब्राउन शुगर बरामद की है।
बताया जा रहा है कि पटमदा डीएसपी बच्चनदेव कुंवर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इसी क्रम में उलीडीह थाना अंतर्गत श्यामनगर नदी किनारे युवक को ब्राउन शुगर की बिक्री करते हुए पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में पटमदा डीएसपी ने बताया कि पुलिस लगातार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी और नशे के अवैध धंधे से जुड़े सभी आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
