जमशेदपुर : मानगो डिमना रोड स्थित संजय पथ में उस वक्त दहशत का माहौल बन गया, जब अपराधियों ने एक घर के बाहर फिल्मी अंदाज में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। यह वारदात पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि मोहल्ले में उस वक्त कई लोग सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक तेज़ी से पहुंचे और तड़ीपार गुड्डू पांडेय के घर के बाहर फायरिंग कर दी। गोली चलने से पूरे इलाके में भय का माहौल है।
फुटेज के मुताबिक, युवक पहले बाइक से उतरता है, फिर गुड्डू पांडेय के घर के मुख्य गेट पर लगे कॉल बेल को दबाता है और गाली-गलौज करने लगता है। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसने गुस्से में आकर सीसीटीवी कैमरे को भी निशाना बनाते हुए फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनते ही गुड्डू पांडेय के परिजन घबराकर घर के पिछले हिस्से से किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे। वहीं, मोहल्ले में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए और सड़कें सुनसान हो गईं. घटना के बाद पीड़ित गुड्डू पांडेय के पिता बिजेंद्र पांडेय ने मानगो उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
