जमशेदपुर | लोकतंत्र सवेरा डेस्क : भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी जारी की गई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के आदेशानुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक पठन-पाठन का कार्य दिनांक 09 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक पूर्णतः स्थगित रहेगा।
प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया है कि वे आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों को ठंड से किसी प्रकार की परेशानी न हो।हालांकि, यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा संचालन का निर्णय ले सकेगा।
वहीं सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए विद्यालय खुले रहेंगे। शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को विद्यालय में उपस्थित होकर EVV के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी तथा विद्यालय के गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
