जमशेदपुर : संविधान दिवस के अवसर पर मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय शिष्टमंडल की ओर से बुधवार को साकची स्थित पुराने कोर्ट भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शिष्टमंडल के चेयरमैन डॉक्टर जयराम दास ने किया। इस मौके पर उपस्थित सदस्यों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन करते हुए भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की।



डॉक्टर जयराम दास ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान सिर्फ एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और स्वतंत्रता की गारंटी देता है। उन्होंने युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक रहने और समाज में मानवाधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और देश में सामाजिक न्याय तथा मानवाधिकारों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
संविधान दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें कई सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डाक्टर जयराम दास, जगन्नाथ शर्मा, जसपाल सिंह, रवींद्र ठाकुर, माधुरी, बी. हरीश कुमार, संगीता कुमारी, निशांत कुमार, मोहम्मद आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे।



