जमशेदपुर : मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा समेत एनडीए समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह ने मंगलवार को भारी जनसमर्थन और उत्साह के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ उनके पति एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक नीरज सिंह भी मौजूद रहे।
नामांकन से पूर्व संध्या सिंह ने मानगो स्थित अपने आवास से निकलकर क्षेत्र के वरिष्ठजनों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद हनुमान मंदिर और शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने नामांकन यात्रा की विधिवत शुरुआत की। धार्मिक आस्था और जनविश्वास के साथ आगे बढ़ी यह यात्रा साकची आमबगान से प्रारंभ होकर विशाल जनसैलाब के रूप में उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची।
यात्रा के दौरान विकास, स्वच्छता और सुशासन के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। मानगो के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में नागरिक, महिला कार्यकर्ता और युवा इस यात्रा में शामिल हुए। जनसमूह के उत्साह और समर्थन ने साफ संकेत दिया कि जनता बदलाव और मजबूत नेतृत्व के मूड में है।
इस अवसर पर एनडीए के सभी घटक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने संध्या सिंह को एकजुट समर्थन देते हुए कहा कि मानगो में विकास को नई गति देने के लिए एनडीए पूरी ताकत के साथ मैदान में है। नामांकन यात्रा के दौरान दिखाई पड़ी एकजुटता ने मेयर चुनाव में एनडीए की मजबूती और रणनीतिक बढ़त को स्पष्ट कर दिया।
