जमशेदपुर : जमशेदपुर के शिव शक्ति वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को बिरसानगर संडे मार्केट स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा के समक्ष भव्य एक दिवसीय श्री राम मेला उत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान श्री राम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे सुप्रभातम के साथ हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया। इसके पश्चात सुबह 8:30 बजे आरती एवं कलश पूजा संपन्न कराई गई। दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय 5:30 बजे महाआरती और पुष्पांजलि के साथ कार्यक्रम अपने चरम पर पहुंचा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

उत्सव का मुख्य आकर्षण रही भव्य झांकी यात्रा, जो बिरसानगर संडे मार्केट से प्रारंभ होकर झंडा चौक बजरंगबली मंदिर, टेल्को राम मंदिर होते हुए पुनः बिरसानगर पहुंचकर संपन्न हुई। झांकी में भगवान श्री राम से जुड़ी मनमोहक झलकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

शिव शक्ति वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। स्थानीय लोगों ने आयोजन को भव्य, अनुशासित और अत्यंत सफल बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
